म.प्र. उच्च न्यायालय एवं कार्यपालक अध्यक्ष म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के आदेशानुसार एवं श्री के.एस. बारिया, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष एवं श्री उपदेश राठौर, जिला न्यायाधीश/ सचिव जिला प्राधिकरण भिण्ड के कुशल मार्गदर्शन में 14 से 20 नवम्बर 2026 तक न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह मनाया जा रहा है।

उक्त कार्यक्रम का उद्देश्य विधि जागरूकता को बढ़ावा देना, विभिन्न विधि सेवा योजनाओं के बारे में जानकारी प्रसारित करना और समाज के हासिए पर पड़े और कमजोर वर्गों के लिए न्याय तक अधिक पहुंच सुनिश्चित करना एवं विधिक सेवा योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं उक्त योजनाओं का लाभ देने के संबंध में विहित प्रक्रिया की जानकारी तथा जन सामान्य तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से साप्ताहिक जागरूकता/साक्षरता कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है।

इसी क्रम में बाल दिवस के अवसर पर भिण्ड जिले में विभिन्न विद्यालय परिवर्तन मिशन स्कूल भिण्ड, ए.के.बी.बी.एम. स्कूल, वेदांता इंटरनेशनल स्कूल, शा. उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, क्र.1 एवं शा. महारानी लक्ष्मी बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भिण्ड में चित्रकला, निबंध, पोस्टर मेकिंग, बाल मेला, विज्ञान प्रदर्शनी आदि प्रतियोगिताओं एवं विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन देवेश शर्मा, जिला विधिक सहायता अधिकारी, भिण्ड की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।

उक्त कार्यक्रम में किशोर न्याय (देखभाल एवं संरक्षण) अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, साइबर सुरक्षा, व्यक्तिगत सुरक्षा, बाल शोषण की रोकथाम और निःशुल्क कानूनी सहायता की उपलब्धता पर कानूनी विषयों आदि के बारें में विभिन्न जानकारियां प्रदाय की गई। उक्त कार्यक्रम में नालसा एवं सालसा की योजनाओं के पेम्पलेट्स आदि भी वितरित किए गए।

उक्त अवसर पर उपरोक्त विद्यालयों के प्राचार्यगण एवं श्री मंजर अली, श्री राहुल राजपूत, श्री रामाधार पुरोहित, श्री राजेश भदौरिया, श्री शिवराज कुशवाह, श्री हिमांशु गौतम, कु. रिंकी गर्ग, कु. मीना दौहरे, कु. मोहिनी कुशवाह, श्रीमती प्रीती राठौर आदि पीएलव्ही भिण्ड उपस्थित रहे।