किसानों की प्रतिभा और मेहनत का सम्मान करने और कृषि क्षेत्र के नवीनतम ज्ञान से उन्हें समृद्ध करने के विनम्र प्रयास के रूप में बलराम कृषि महोत्सव अन्नदाताओं के लिये संवाद का उत्सव सिद्ध हुआ है। किसान समुदाय ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की इस नवाचारी पहल के प्रति उत्साह दिखाते हुए सराहना की है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वयं सभी जिलों में बलराम कृषि महोत्सव में भाग लिया या किसानों से वर्चुअल संवाद किया। इतने बड़े पैमाने पर किसानों से संवाद का यह प्रदेश का पहला अभियान है जो 15 जुलाई से इंदौर से शुरू हुआ था। इसके समापन का गरिमापूर्ण आयोजन मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होना प्रस्तावित है। इन चार महीनों में सभी जिलों में किसानों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भागीदारी की।मुख्यमंत्री ने बलराम कृषि महोत्सव के आयोजनों में किसानों के व्यापक हित में कई घोषणाएं की। साथ ही उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान भी किया।
कृषि से जुड़े 16 प्रमुख विभागों ने सक्रिय रूप से भागीदारी की जैसे उदयानिकी, पशुपालन, मत्सय पालन, सहकारिता, ऊर्जा, खादय और राजस्व। खेती से लेकर प्रसंस्करण, विपणन और मूल्यसंवर्धन हर स्तर पर सहयोग दिया गया। गांव से सब्जियां, दूध लाने में मोटर सायकल का उपयोग करने वाले किसानों को हेलमेट दिये गये। मुख्यमंत्री ने प्रतिभागी किसानों के साथ खेती-किसानी के आधुनिक तौर-तरीके साझा किये। आय बढ़ाने की गतिविधियों पर चर्चा की।
पारंपरिक खेती के अलावा आर्थिक लाभ की अन्य गतिविधियों जैसे डेयरी फार्मिंग, पशुपालन, मत्स्य पालन, जैविक खेती, उदयानिकी फसलों, खादय प्रसंस्करण, औषधीय फसलों की व्यावसायिक खेती जैसे विषयों पर परामर्श दिया। प्रगतिशील किसानों को उनके नवाचारों के लिए सम्मानित भी किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने उन्हें प्राकृतिक खेती, उन्नत बीजों के उपयोग, आधुनिक कृषि उपकरण, डिजिटल कृषि सेवाओं, स्मार्ट सिंचाई, सोलर पंप के उपयोग के लिये भी प्रेरित किया। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को मार्गदर्शन देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया और अधिकतम लाभ कमाने के तरीके बताए।
इंदौर में मुख्यमंत्री ने इंदौर की वर्तमान कृषि उपज मंडी को स्थानांतरित कर आधुनिक एवं विशाल कृषि उपज मंडी बनाने, संबंधित क्षेत्र में देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा स्थापित करने, मंडी क्षेत्र के प्रभावित परिवारों को वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराने, किसानों को दिन में कृषि बिजली उपलब्ध कराने और 40 लाख रुपये तक की डेयरी स्थापना पर 10 लाख रुपये का अनुदान देने की महत्वपूर्ण घोषणाएं की। साथ ही उन्होने फसलों को नुकसान पहुंचाने वाली नीलगाय एवं अन्य वन्य पशुओं के प्रबंधन के लिए विशेष योजना लागू करने और हेलिकॉप्टर से नीलगाय एवं अन्य वन्य पशुओं के नियंत्रण की योजना बनाने की भी घोषणा की।
झाबुआ में मुख्यमंत्री ने किसानों को तीन लाख रुपये तक का कृषि ऋण शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर जारी रखने, किसानों को मात्र पांच रुपये में बिजली कनेक्शन देने की बात की। किसानों को आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक सलाह, प्राकृतिक खेती और जल संरक्षण के सिद्धांतों को अपनाकर कृषि को अधिक लाभकारी बनाने का मार्गदर्शन मिला। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के "प्राकृतिक खेती" के विजन को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन में झाबुआ जिले में 3,000एकड़ क्षेत्र में प्राकृतिक खेती हो रही है।
बड़वानी की मिर्च की मांग राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बढ़ रही है। बड़वानी की लाल मिर्च को 'जीआई टैग' दिलाने के प्रयास हो रहे हैं। यह टैग मिलने के साथ ही दुनिया के बाजारों में बड़वानी की मिर्च का पेटेंट हो जाएगा और ग्लोबल ब्रांड के रूप में नई पहचान मिलेगी।
अगले दो सालों में सिंचाई क्षमता 100 लाख हेक्टेयर तक करने की दिशा में प्रदेश आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने बड़वानी जिले के किसानों से कहा कि जल्दी ही खेतिया कृषि उपज मंडी को एक सर्वसुविधायुक्त 'आदर्श मंडी' के रूप में अपग्रेड किया जायेगा। सिंचाई, खाद और बीज सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। बड़वानी में 50 एकड़ के विशाल क्षेत्र में 'आदर्श बीज उत्पादन केंद्र' भी स्थापित किया जा रहा है।राजपुर तहसील के घटवा में जो 'मेगा फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर' विकसित हो रहा है। इससे केला उत्पादक किसानों का भाग्य बदलेगा। हम यहां प्रसंस्करण और वैल्यू एडिशन की ऐसी चैन बनायेंगे कि बड़वानी का केला यहीं से ब्रांड बनकर विदेशों में एक्सपोर्ट होगा।
राज्य सरकार ने केसानों के लिये एक बड़ा निर्णय लिया है। अब पूरे वर्ष के लिए एक ही फसल ऋण स्वीकृत होगा और उसे चुकाने के लिए 12 महीने का पर्याप्त समय मिलेगा। विकास कार्यों के लिए यदि ग्रामीण क्षेत्रों में किसी भी किसान की कृषि भूमि का भू-अर्जन होता हैतो उस किसान को बाजार दर से पूरे 4 गुना ज्यादा मुआवज़ा मिलेगा।
खंडवा में मुख्यमंत्री ने किसानों को अपने खेत की मिट्टी की जांच कराने, मिट्टी की उत्पादकता के अनुसार ही फसल लेने की सलाह दी। उन्हें बहुत अधिक रायायनिक उर्वरकों का उपयोग नहीं करने और प्राकृतिक खेती अपनाने का परामर्श दिया। एक ही किस्म की फसल के स्थान पर एक ही समय में एकाधिक फसल लेने से खेतों में नई किस्मों की हरियाली आयेगी। आमदनी भी बढ़ेगी।मुख्यमंत्री ने खण्डवा में पुलिस बटालियन की स्थापना करने और मूंदी से खंडवा के बीच नई सड़क का निर्माण करने की घोषणा भी की।
बैतूल में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों से संवाद करते हुए खेती की नई तकनीकों को किसानों की समृद्धि का नया द्वार कहा। किसान जितना अधिक नई तकनीकों, आधुनिक कृषि पद्धतियों और शासन की योजनाओं से जुड़ेंगेउनकी आय उतनी ही बढ़ेगी।
रायसेन में किसानों से मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के खेत देवस्थल और उनका दाना-दाना प्रसाद के समान है। बीज से लेकर बाजार और खेत से लेकर कारखाने तक सरकार किसानों के साथ है। किसानों को जीरो प्रतिशत ब्याज पर ऋण मिलता रहेगा। ऋण चुकाने के लिए पूरे एक साल का समय मिलेगा।
किसानों को प्रोसेसिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग से जोड़ा जा रहा है। फूड पार्क, कोल्ड चेन एवं कृषि प्रसंस्करण अधोसंरचना के विस्तार से कृषि उत्पादों की वैल्यू चेन मजबूत करने की योजना है। किसानों को उदयमिता से जोड़कर उनकी आय के आधार को मजबूत करने की कार्ययोजना पर काम चल रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का विजन स्पष्ट है कि किसान के खुशहाल होने से ही समाज अन्न और धन धान्य से परिपूर्ण रहेगा। सीमा पर जवान और खेत में किसान की भूमिका में समानता है। दोनों ही देश के लिए समर्पित हैं।राज्य सरकार संवेदनशीलता के साथ किसान हितैषी कार्य कर रही है। किसान होने का अर्थ ही स्वावलंबन है। अपने परिश्रम से अपने परिवार के साथसाथ समाज के पालन-पोषण के लिए अन्न का कटोरा भरने का सार्मथ्य किसानों में ही है।



