कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आगामी 11 से 20 अक्टूबर 2026 तक नवरात्र, दशहरा एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान जिले में शांति, सद्भाव एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुविधा के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को त्योहारों के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा विसर्जन स्थलों पर आवश्यक इंतजाम समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप सभी त्योहार आपसी भाईचारे, सद्भाव एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाए जाएं। आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

कलेक्टर ने नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए जाने वाले मार्गों का पूर्व से निरीक्षण कर मार्ग में आने वाले पेड़ों की आवश्यक छंटाई तथा विद्युत तारों एवं कनेक्शनों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा सिंह, अपर कलेक्टर श्री जेपी यादव, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन, रेडक्रॉस अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह राजपूत, शांति समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।