उज्जैन, 4 अक्टूबर। नागदा निवासी श्रीमती मधु शेखावत, उम्र 55 वर्ष, को आयुष्मान योजना के अंतर्गत निःशुल्क डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। नियमित डायलिसिस उपचार की आवश्यकता होने के बावजूद आर्थिक स्थिति के कारण उपचार का खर्च वहन करना परिवार के लिए कठिन था।
ऐसे समय में आयुष्मान योजना उनके लिए आर्थिक राहत के साथ-साथ निरंतर उपचार का महत्वपूर्ण माध्यम बनी।ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. संजीव कुमरावत, नागदा-खाचरौद द्वारा बताया गया कि सिविल अस्पताल नागदा में मरीजों को बेहतर एवं सहज स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है। डायलिसिस सेंटर में मरीजों की सुविधा, स्वच्छता एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाता है।
साथ ही अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाता है।हितग्राही मधु शेखावत ने बताया कि आयुष्मान योजना के माध्यम से उन्हें डायलिसिस उपचार निःशुल्क मिल रहा है, जिससे उनके परिवार पर पड़ने वाला उपचार का आर्थिक भार काफी कम हुआ है।
उन्होंने अस्पताल की स्वच्छता, व्यवस्थाओं तथा स्टाफ द्वारा मरीजों के साथ किए जा रहे अच्छे व्यवहार की सराहना करते हुए आयुष्मान योजना शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया है।


