वर्षों से सिलाई के कार्य के माध्यम से अपने परिवार की आजीविका में सहयोग करने वाली श्रीमती लक्ष्मी अंकन के लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना नई उम्मीद लेकर आई। नगर पालिका कार्यालय में योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने आवेदन किया और योजना के अंतर्गत ऋण प्राप्त कर अपने सिलाई व्यवसाय का विस्तार किया।
श्रीमती लक्ष्मी अंकन ने बताया कि उन्हें प्रथम चरण में 10 हजार रुपये, इसके बाद 20 हजार रुपये तथा वर्तमान में 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ है। उन्होंने ऋण राशि से कच्चा माल खरीदा, सिलाई कर तैयार सामग्री को बाजार में बेचना शुरू किया। इससे उनके व्यवसाय का विस्तार हुआ और आय के अवसर भी बढ़े।
उन्होंने कहा कि “मेरे पास सिलाई का हुनर पहले से था, लेकिन व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए पूंजी की आवश्यकता थी। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से मिले ऋण ने मेरे हुनर को आगे बढ़ाने का अवसर दिया। आज मैं अपने काम को पहले से बेहतर तरीके से कर पा रही हूं और अपने परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में योगदान दे रही हूं।
”श्रीमती लक्ष्मी अंकन ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की ऐसी योजनाएं महिलाओं को अपने हुनर के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मेहनत और सही अवसर मिले तो हर महिला अपने हुनर को रोजगार का माध्यम बनाकर अपने परिवार को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।



