बैरसिया की कृषि उपज मंडी में शुक्रवार को लगे जनकल्याण एवं जनसमस्या निवारण शिविर में नागरिकों के आवेदन लिए गए। भोपाल जिले के प्रभारी मंत्री चैतन्य कश्यप ने अधिकारियों को इनका परीक्षण कर अधिकतम एक सप्ताह में निराकरण करने के निर्देश दिए।

शिविर मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत आयोजित किया गया। विभिन्न विभागों ने योजनाओं की जानकारी दी और पात्र पाए गए हितग्राहियों को मौके पर उपलब्ध योजनाओं का लाभ दिया।

लंबित आवेदन पर बतानी होगी समय-सीमा

प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं है, उनमें आवेदक को देरी का कारण और संभावित समय-सीमा स्पष्ट रूप से बताई जाए। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने आवेदनों को विभागवार दर्ज कर उनकी नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर के अनुसार बैरसिया में पट्टों से जुड़े मामलों की जांच कर निराकरण किया जाएगा। राजस्व विभाग के लंबित सीमांकन और बंटवारे के प्रकरणों को भी तय समय-सीमा में हल करने की बात कही गई।

सोयाबीन सर्वे और उद्यमियों के मुद्दों पर चर्चा

सोयाबीन फसल में हुई क्षति के पारदर्शी सर्वे के लिए शीघ्र दल गठित करने की घोषणा की गई। सर्वे में पात्र पाए जाने वाले किसानों को नियमों के अनुसार सहायता देने की बात कही गई है।

साथ में हुए ‘उद्यम संवाद’ में स्थानीय उद्यमियों ने औद्योगिक अधोसंरचना, भूखंड आवंटन और अलग-अलग विभागों से जुड़ी समस्याएं रखीं। संबंधित अधिकारियों को इन विषयों को प्राथमिकता से सुलझाने के निर्देश दिए गए।

विधायक विष्णु खत्री ने बताया कि बैरसिया क्षेत्र में बीज विकास निगम का तीन हजार टन क्षमता वाला वेयरहाउस निर्माणाधीन है। उनके अनुसार किसानों के प्रशिक्षण सत्रों के साथ मंडी परिसर में निशुल्क ग्रेडिंग प्लांट भी स्थापित किया जा रहा है।