भोपाल के जिला आबकारी कार्यालय में विभागीय फाइलों और पत्रावलियों का काम अब शत-प्रतिशत ई-ऑफिस प्रणाली से करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने बुधवार को कार्यालय के औचक निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था और अलग-अलग शाखाओं की कार्यप्रणाली देखी।
लंबित प्रकरणों और अभिलेखों की हुई जांच
निरीक्षण में आवक-जावक पंजी, स्थापना शाखा, राजस्व अभिलेख और लंबित प्रकरणों से जुड़ी फाइलों की जांच की गई। कलेक्टर ने शासकीय नस्तियों का रखरखाव नियमों के अनुसार और सुव्यवस्थित ढंग से करने को कहा।
प्रशासन के अनुसार डिजिटल प्रणाली से कामकाज में पारदर्शिता और गति बढ़ाने के साथ प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण किया जा सकेगा। अभिलेखों के संधारण में शिथिलता मिलने पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
मैदानी जांच बढ़ाने के निर्देश
जिला आबकारी अधिकारी को अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश के लिए लगातार सघन जांच कराने को कहा गया। संवेदनशील क्षेत्रों में निरीक्षण, औचक दबिश और फ्लैग मार्च के निर्देश भी दिए गए हैं।
कलेक्टर ने कार्यालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत रखने पर भी जोर दिया। विभागीय सेवाओं के लिए आने वाले नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और संवेदनशील तरीके से समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।



