भोपाल संभाग में एक महीने तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा तय कर अधिकारियों को समयबद्ध तैयारी के निर्देश दिए गए हैं। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा और इसमें सरकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने के लिए मेगा शिविर भी लगाए जाएंगे।

संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने संबंधित जिला और संभागीय अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी गतिविधियों का अलग-अलग कार्यक्रम बनाने, तय तारीखों पर आयोजन करने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

दीप प्रज्ज्वलन से शुरू होगा अभियान

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के हितग्राही परिवारों के घरों के साथ चिह्नित ऐतिहासिक स्थलों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन प्रस्तावित है।

सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ आयोजित किए जाएंगे। इनमें बच्चों और माताओं के लिए पोषक स्वल्पाहार, खेल सामग्री और पठन सामग्री सहित जरूरी व्यवस्थाएं स्थानीय स्तर पर की जानी हैं।

पात्र हितग्राहियों को शिविर में लाभ देने के निर्देश

‘सेवा हेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ के तहत 2 से 10 अक्टूबर तक ग्रामीण क्षेत्रों में विकासखंड स्तर और नगरीय निकायों में जोनवार मेगा शिविर लगेंगे। अधिकारियों को केंद्र और राज्य सरकार की हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को शिविर में ही उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी अवधि में ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत जिलों में चिह्नित सेवा गतिविधियों से समाज के विभिन्न वर्गों और संस्थाओं को जोड़ा जाएगा। सात अक्टूबर को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से सेवा ज्योति कलश यात्रा जिला मुख्यालय पहुंचेगी, जहां विकास पुस्तिका का वितरण किया जाएगा।

अधिकारियों को अभियान की दैनिक और गतिविधिवार प्रगति की जानकारी शासन तथा वरिष्ठ कार्यालयों को नियमित रूप से भेजनी होगी। संबंधित विभाग अब तय समय-सीमा के अनुसार कार्यक्रम तैयार कर आयोजनों की व्यवस्था करेंगे।