भोपाल के नारियलखेड़ा स्थित वार्ड क्रमांक-12 में शुक्रवार को जन-कल्याण शिविर लगाया गया। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 के इस शिविर में नागरिकों ने सरकारी योजनाओं और स्थानीय समस्याओं से जुड़े आवेदन अधिकारियों के सामने रखे।
सांसद आलोक शर्मा ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और आवेदन प्राप्त किए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ आवेदनों का समाधान तय समय में किया जाए।
कॉलोनियों की शिकायतों के लिए अलग सेल
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने बताया कि कॉलोनियों से जुड़ी समस्याओं के व्यवस्थित निपटारे के लिए कलेक्ट्रेट में समर्पित ‘कॉलोनी सेल’ बनाया गया है। उन्होंने स्थानीय निवासियों से अपने क्षेत्रों में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन गठित करने की अपील भी की।
कलेक्टर के अनुसार आरडब्ल्यूए बनने से कॉलोनी की साझा समस्याएं एक मंच पर रखी जा सकेंगी और उनके समाधान में सुविधा होगी। शिविर में मिले सभी आवेदनों और शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
आंगनवाड़ी और निर्माणाधीन टैंक का निरीक्षण
शिविर के बाद कलेक्टर ने नारियलखेड़ा के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-216 का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं, बच्चों को मिल रही सुविधाओं और संबंधित कार्यों की जानकारी ली।
कलेक्टर ने क्षेत्र में बन रहे वाटर टैंक की प्रगति भी देखी और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। शिविर में महापौर मालती राय, नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन, पार्षद देवेंद्र भार्गव, पार्षद शैलेश साहू, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



