सीएम हेल्पलाइन और जन विश्वास शिविर में दर्ज शिकायतों के समाधान में देरी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को तय समय-सीमा का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में हुई समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में लंबित प्रकरणों पर गंभीरता से कार्रवाई करने को कहा गया।

शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान पर जोर

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता एडीएम सुमित पांडेय ने की। उन्होंने जन विश्वास शिविर में मिली शिकायतों का समय पर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने और सीएम हेल्पलाइन के लंबित मामलों को निर्धारित अवधि में निपटाने के निर्देश दिए।

सेवा संकल्प अभियान के तहत तय गतिविधियों को व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने को भी कहा गया। विभागों को अभियान के कार्यक्रमों की फोटो और वीडियो बनाकर जिला प्रशासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

हितग्राहियों की प्रमाणित जानकारी देेंगे विभाग

एडीएम ने विभागीय अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पाने वाले हितग्राहियों की प्रमाणित जानकारी और डेटाबेस प्रस्तुत करने को कहा। बैठक में जिला पंचायत की सीईओ इला तिवारी, अपर कलेक्टर प्रकाश नायक, पी.सी. शाक्य, महेंद्र कवचे और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

डाक विभाग ने बताईं सामाजिक सुरक्षा योजनाएं

भारतीय डाक विभाग के प्रतिनिधि ने अधिकारियों को केंद्र और राज्य सरकार की सामाजिक सुरक्षा तथा बचत योजनाओं की जानकारी दी। प्रस्तुति में डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा और सुकन्या समृद्धि योजना के प्रमुख प्रावधान बताए गए, ताकि पात्र हितग्राहियों तक इनका लाभ पहुंचाया जा सके।