युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में ‘माय भारत’ नरसिंहपुर द्वारा ‘‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’’ थीम पर जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सीईओ श्री गजेंद्र सिंह नागेश ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि युवा देश के भविष्य की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उन्होंने युवाओं से निरंतर अपने व्यक्तित्व को निखारने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा का उपयोग शिक्षा, कौशल विकास और रचनात्मक गतिविधियों में करें।

कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी किरण दीदी ने युवाओं को आत्म-नियंत्रण एवं सकारात्मक सोच के महत्व से अवगत कराया तथा उपस्थित युवाओं को मेडिटेशन कराया। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एसके उप्रेलिया ने छात्र जीवन में अनुशासन और नशे से दूरी बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। जिला युवा अधिकारी श्री उमंग जैन ने माय भारत की गतिविधियों की जानकारी देते हुए उपस्थित युवाओं को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी श्री सुनील कोठारी सहित अन्य अतिथिगण, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में जिलेभर से आए छात्र-छात्राओं ने संगीत (लोकगीत), नृत्य, नुक्कड़ नाटक/माइम, चित्रकला, वाद-विवाद/भाषण, लघु फिल्म/रील, नारा लेखन एवं स्लैम पोएट्री सहित 8 विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। युवाओं ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को उजागर करते हुए नशामुक्त समाज का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें अतिथियों, शिक्षकों एवं युवाओं ने सहभागिता कर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प व्यक्त किया। साथ ही ‘नशामुक्त’ सेल्फी स्टिक कैंपेन के माध्यम से युवाओं को जागरूकता अभियान से जोड़ा गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में माय भारत के वॉलंटियर्स की सक्रिय भूमिका रही। अंत में उपस्थित युवाओं ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दोहराया।